सिद्धार्थनगर। माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही तकनीक, नवाचार और रोजगारपरक कौशल से जोड़ा जाएगा। इसके लिए इन छात्रों को कक्षा छह से व्यावसायिक कौशल की ट्रेनिंग दी जाएगी। जबकि अभी तक कक्षा नौ से 12वीं तक के बच्चों व्यावसायिक शिक्षा दी जा रही थी।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद के 28 राजकीय विद्यालय हैं। इन विद्यालयों में कक्षा छह से बच्चों की पढ़ाई कराई जाती है।
माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर शिक्षा मिल सके इसके लिए शासन की ओर से तमाम प्रयास व गतिविधियां कराई जा रही हैं। कक्षा नौ से बारहवीं तक के बच्चों को विषय पढ़ाई के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी दी जा रही है। अब शासन ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही तकनीक, नवाचार और रोजगारपरक कौशल से जोड़ने की पहल की है।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इन कोर्सों के माध्यम से छात्र मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, फिटर, वेल्डर, आईटी, कंप्यूटर, प्लंबिंग सहित अन्य तकनीकी क्षेत्रों से जुड़ा व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे।