सिद्धार्थनगर। आकांक्षी जनपद होने के कारण यहां स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य बिंदुओं पर कार्य करना प्राथमिकता होगी। जनपद शीघ्र ही आकांक्षी जनपद से निकलकर विकसित जनपद होगा। पूर्व के जिलाधिकारियों के कार्य को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।
पंचायत चुनाव के लिए मतदाता पुनरीक्षण अभियान का कार्यक्रम चल रहा है। साथ ही चुनाव आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है, जिसे नियमानुसार पूर्ण कराना है। यह जानकारी नवागत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि जिले में विकास कार्यों से संबंधित सीएम डैश बोर्ड एवं आईजीआरएस में बेहतर कार्य किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह 2015 बैच के आईएएस है और कर्नाटक प्रदेश के मूल निवासी है। वह इससे पूर्व चित्रकूट में जिलाधिकारी थे। गाजीपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी और कानपुर नगर में नगर आयुक्त के पद पर कार्य कर चुके हैं।
इस दौरान इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त और राजस्व गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ज्ञान प्रकाश उपस्थित रहे।