सकारपार। खेसरहा विकासखंड क्षेत्र में बैलोहा चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती महिला की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया जांच में अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला है। खेसरहा थाना क्षेत्र के परसौना चेतौनी गांव निवासी अनिल अग्रहरी के अनुसार शनिवार देर रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी रिंका देवी को प्रसव पीड़ा हुई। वह पत्नी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा पहुंचे। वहां से वापस भेजे जाने के बाद बैलोहा चौराहे स्थित निजी अस्पताल में महिला को दिखाया गया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल कर्मचारियों ने सामान्य प्रसव कराने का आश्वासन देकर महिला को भर्ती कर लिया। कुछ देर बाद ऑपरेशन की जरूरत बताते हुए दो यूनिट खून की मांग की गई। परिजनों ने खून उपलब्ध कराया। ऑपरेशन के बाद अस्पताल कर्मियों ने महिला की हालत बिगड़ने की बात कहते हुए उसे गोरखपुर ले जाने की सलाह दी।
परिजन निजी वाहन से महिला को गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
नोडल अधिकारी नर्सिंग स्थापना डॉ. मानवेन्द्र पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे ने बताया कि निजी अस्पताल में गर्भवती के ऑपरेशन के बाद मौत होने की जानकारी मिली है। जांच के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल का पंजीकरण नहीं होने की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।