शोहरतगढ़। उपभोक्ताओं को राशन कम देने व उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने को लेकर ग्राम प्रधान ने कोटेदार के खिलाफ में डीएम को एक शिकायत पत्र सौंपा। इसको संज्ञान में लेते हुए डीएम ने पूर्ति निरीक्षक को निष्पक्ष तरीके से जांच करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, विकास क्षेत्र शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत परसोहिया नानकार के ग्राम प्रधान अफसाना खातून ने कहा कि हमारे गांव के कोटेदार हर माह उपभोक्ताओं को राशन कम दे रहा है। शिकायत करने पर कोटेदार लोगों से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
प्रधान के पति और पूर्व प्रधान लालमन खां ने कोटेदार से कम राशन मिलने का विरोध जताया तो वह आग बबूला हो गया और ऊपर से राशन कम होने की बात कहकर जो मिल रहा है उसने लेने को कहा। उपभोक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए प्रधान ने 14 जनवरी को डीएम शिवरणप्पा जीएन से मुलाकात कर कोटेदार के खिलाफ जांच कराने और दूसरे व्यक्ति को कोटा आवंटन करने के लिए शिकायत पत्र सौंपा था। डीएम ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शोहरतगढ़ पूर्ति निरीक्षक को निष्पक्ष भाव से जांच करने के निर्देश दिए।
पूर्व प्रधान लालमन खां ने कहा कि पूर्ति निरीक्षक मेरे गांव आते और कुछ उपभोक्ताओं से बयान लेकर कोटेदार के बचाव करने में लगे हुए हैं। उपभोक्ता शाहजहां, फरीदा, सुरजू सहित काफी संख्या में उपभोक्ताओं ने कहा कि कोटेदार समय से खाद्यान्न का वितरण नहीं करते हैं और हर बार राशन कम तौल कर देते हैं। शिकायत करने पर कहते हैं ऊपर से राशन कम मिल रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उक्त कोटेदार के खिलाफ खुली बैठक में निष्पक्ष जांच कराई जाए।