शोहरतगढ़। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के गड़रखा के रहने वाले लवकुश यादव ने ग्राम प्रधान पर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया। एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर कार्रवाई करने की मांग भी की है।
एसपी को दिए पत्र में लवकुश यादव ने ग्राम पंचायत के प्रधान पर फर्जी मुकदमे में फंसाने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि ग्राम प्रधान गत वर्ष एक गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी है और जमानत पर जेल से बाहर हैं। वह इस मामले में गवाह है। आरोप है कि प्रधान ने उसपर सुलह करने का कई बार अपने साथियों के साथ दबाव बनाया, लेकिन जब उसने बात नहीं माना तो उसने अपने सहयोगी की लड़की से दुष्कर्म की ढेबरुआ थाने में तहरीर दिलवा दी है। शोहरतगढ़ के सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जाएगी।