घोसियारी। खेसरहा ब्लॉक के बरैनिया कला गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में तालाब का पानी भर गया है। छात्र व अध्यापक पानी में घुस कर से कमरों में जाने को मजबूर हैं। ऐसा नहीं है कि विभाग को इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन विभाग के अधिकारी सब कुछ जानकार भी अंजान बने हुए हैं।
प्राथमिक विद्यालय बरैनिया कला में पंजीकृत छात्रों की संख्या 84 है। प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने बताया कि बरसात के मौसम में तालाब में पानी भर जाने के कारण हमेशा ही यह समस्या उत्पन्न होती है। इसकी शिकायत विभाग में कई बार की गई, लेकिन समस्या का कोई निदान नहीं हुआ। गंभीर समस्या की बात यह है कि रसोईया भी गांव के बाहर नल से पानी लाकर बच्चों के लिए भोजन पका रही है और बच्चे भी गांव में जाकर पानी पीने को मजबूर हैं। इस संबंध में सचिव जितेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में रावीश डलवाने के लिए कहा गया है। बरसात खत्म होते ही विद्यालय में मिट्टी डलवाने के साथ इंटरलॉकिंग कार्य कराया जाएगा। इस संबंध में बीडीओ खेसरहा विजय सिंह का कहना है कि जिम्मेदारों को भेज कर पता करवाते हैं। समस्या होने पर जल्द ही उसका समाधान करवा दिया जाएगा।