- दिवाली पर्व को देखते हुए एसपी की अगुवाई में किया गया मार्च
शोहरतगढ़। धनतेरस, दिवाली और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस बल के साथ शोहरतगढ़ कस्बे में पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पैदल मार्च थाना परिसर से शुरू होकर तिरंगा चौराहा, पुलिस पिकेट और इक्यावन तिराहा होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान एसपी ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और भ्रामक सूचनाएं नहीं फैलाने की अपील की। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही।
इस दौरान एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ मयंक द्विवेदी, थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय, निरीक्षक अतिउल्लाह अंसारी, उपनिरीक्षक सुरेश यादव, चंद्रशेखर चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।