- कोटिया चौकी पर सीमावर्ती ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों से की चर्चा, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
शोहरतगढ़। ऑपरेशन कवच के तहत शनिवार को थाना शोहरतगढ़ पुलिस ने कोटिया चौकी पर एसएसबी और भारत-नेपाल सीमावर्ती ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में पुलिसकर्मियों ने ऑपरेशन कवच के उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही समिति के सदस्यों से सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि, अवैध आवाजाही या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों के सहयोग से संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते नजर रखी जा सकती है। इसके लिए पुलिस और एसएसबी के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, एएसपी प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन और सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण में हुई। इसमें थाना शोहरतगढ़ पुलिस, एसएसबी के जवान और ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।