त्योहारों के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता
सिद्धार्थनगर। त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मोहाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने पैदल गश्त की। इस दौरान टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया।
मोहाना थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसएसबी झंगटी और मोहाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ककरहवा चौकी क्षेत्र के लीलाडिहवा बॉर्डर पर गश्त की। टीम ने सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सतर्कता बरती। आगामी त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्र में निगरानी की जा रही है।