-डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर में आयोजित हुआ काव्य साहित्य कार्यक्रम
डुमरियागंज। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर स्थित एक पैलेस में बृहस्पतिवार को साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शायर स्व. अल्लामा समर हल्लौरी के बेटे डॉ. खुर्शीद जफर की नवीन पुस्तक का विमोचन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य और कला जगत से जुड़ी हस्तियों ने शिरकत की।
मुख्य अतिथि डॉ. वजाहत हुसैन रिजवी सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर सूचना विभाग उत्तर प्रदेश ने कहा कि खुर्शीद जफर की लेखनी में अल्लामा समर हल्लौरी की विरासत की झलक साफतौर से दिखती है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए एक उपहार है बल्कि आधुनिक दौर में उर्दू अदब को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक सशक्त माध्यम भी है। इस दौरान विशिष्ट अतिथि जमाल हैदर जाकिर, लखनऊ विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर गुलाम अब्बास, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर महबूब हल्लौरी, शमशाद हल्लौरी बेताब, नफीस, मेराज आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में खुर्शीद जफर ने सभी का आभार व्यक्त किया।