पीएचसी बढ़नी मरीज के स्वास्थ्य की जांच करते चिकित्सक। स्रोत विज्ञप्ति
सिद्धार्थनगर। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजन किया गया। मेले में बुखार, जुकाम के मरीज अधिक रहे। उनके सेहत की जांच करने के साथ ही दवा दी गई। डॉक्टरों ने बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी। बीमारी ठीक होने तक नियमित दवा लेने की सलाह दी। वहीं, गंभीर समस्या वाले रोगियों को हायर सेंटर में दिखाने के लिए कहा गया। ढेबरुआ प्रतिनिधि के अनुसार, बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले अकरहरा, भुतहवा और मोहनकोला स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेलों में रविवार को 51 ममरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लिया। चिकित्सकों ने जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। आरोग्य मेलों में पहुंचे मरीजों में ज्यादातर गर्म मौसम के कारण होने वाली बीमारियों से पीड़ित थे। बढ़नी पीएचसी के अधीक्षक अविनाश चौधरी ने बताया कि मरीजों की जांच कर उपचार प्रदान किया गया। पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, जोगिया ब्लॉक के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी लालपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। डाॅ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने मरीजों की जांच कर उनको आवश्यक दवा दी। कुल 24 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। महदेवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लाॅक नौगढ़ के अंतर्गत संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महदेवा बाजार पर मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले का आयोजन किया गया। अस्पताल पर सर्दी -खांसी व बुखार के कुल 14 मरीज आए। स्वास्थ्य केंद्र पर डाॅक्टर की तैनाती न होने से मरीजों का उपचार फार्मासिस्ट रमेश चंद्र चतुर्वेदी ने किया।