- पथरा बाजार थाने में हुई बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पथरा बाजार। धनतेरस, दिवाली, मां लक्ष्मी पूजा और छठ पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को पथरा बाजार थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मूर्तिकारों, मूर्ति आयोजकों, डीजे संचालकों और धर्मगुरुओं को त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मूर्ति स्थापित करने वाले आयोजकों को शासन और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया। वहीं, डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए त्योहार मनाने और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने की अपील की।
थानाध्यक्ष ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी की सहभागिता जरूरी है। किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों सहित संबंधित लोग मौजूद रहे।