- सीसी कैमरे से चलेगी निगरानी, आसपास के इलाके में वाई-फाई भी रहेंगे बंद
- जिले के 15 केंद्रों पर आयोग की ओर से कराई जाएगी वन अधिकारी की परीक्षा
-परीक्षा को लेकर के प्रशासन सतर्क दो स्तर पर केंद्र व्यवस्थापक और दो लेयर में रहेगी सुरक्षा अधिकारी करेंगे निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। उप्र लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य, प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा) तथा सहायक वन संरक्षक, क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा) परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कड़ी सुरक्षा के बीच त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा में बाहर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा। पुलिस के साथ ही खुफिया विंग भी अलर्ट मोड में रहेगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर नजर रहेगी। अगर पेपर लीक होने से जैसा कोई अफवाह फैलाता है तो जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इसमें दो केंद्र व्यवस्थापक हैं। इसमें एक सहायक केंद्र व्यवस्थापक बनाए गए हैं। इसके अलावा केंद्र की निगरानी और परीक्षा निष्पक्ष हो सके। इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट नामित हो गए हैं। उन्हें परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई है। इसमें केंद्र व्यवस्थापकों को बताया कि आयोग निर्देश के अनुुसार परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को दो पालियों में होगी। जिले के कुल 15 परीक्षा केंद्रों के लिए मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। इसके अलावा अधिकारी केंद्रों का भ्रमण करके जायजा लेते रहेंगे। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि तैयारी पूरी कर ली गई है। शासन के दिशा-निर्देश के अनुसार परीक्षा संपन्न कराया जाएगा।
-
दो पाली में होगी परीक्षा
परीक्षा का समय प्रथम पाली 9ः30 बजे से 11ः30 बजे तक और दूसरी पाली 2ः30 बजे से 4ः30 बजे तक होगी। परीक्षा समय से 45 मिनट पूर्व एंट्री बंद कर दी जाएगी। आयोग की ओर से प्रतिबंधित सामग्री कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाए, इसके लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा को चालू रहेगा और उसी से कंट्राेल रूम के जरिये मॉनिटरिंग की जाएगी। अगर कहीं कोई गड़बड़ी होती है तो तत्काल पकड़ लिया जाएगा। प्रश्नपत्र कोषागार के डबल लाॅक से निर्धारित समय से सभी परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
-
इन केंद्रों पर होगी
जनपद में तिलक इंटर काॅलेज बांसी, रतन सेन इंटर काॅलेज बांसी, शिवपति इंटर काॅलेज शोहरतगढ़, बुद्ध विद्यापीठ डिग्री काॅलेज नौगढ़, बाबा हरिदास इंटर कॉलेज उसका बाजार, श्रीसिंहेश्वरी इंटर कॉलेज तेतरी बाजार, रतन सेन डिग्री काॅलेज बांसी, बुद्ध विद्यापीठ इंटर काॅलेज बर्डपुर, शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय शोहरतगढ़, राजकीय महाविद्यालय पचमोहनी, जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज नौगढ़, किसान इंका उसका बाजार, दीनबंधु इंटर कॉलेज नदांव, जय किसान इंटर कॉलेज सकतपुर सनई और मुस्लिम इंटर कॉलेज महदेइया को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।