सिद्धार्थनगर। इतिहास को रटने की बजाय बार-बार पढ़ने और उसे समझने से वह ज्यादा आसानी से याद होता है। इससे घटनाओं को कहानियों, तिथियों और तथ्यों से जोड़ पाते हैं, जिससे यह और भी आसान हो जाता है। वहीं, महापुरुषों की जीवनी पर सबसे अधिक ध्यान केंद्रित करने से परीक्षा में बेहतर परिणाम आते हैं।
जय किसान इंटर काॅलेज सकतपुर सनई के इतिहास के प्रवक्ता विजय प्रताप पांडेय ने बताया कि बार-बार दोहराना (रिवीजन), नोट्स बनाना, मानसिक मैप्स का इस्तेमाल करना और घटनाओं को कहानी की तरह देखने से समझ गहरी होती है। इससे पढ़ा हुआ लंबे समय तक याद रहती है। उन्होंने कहा कि रटने की बजाय, घटनाओं के पीछे के कारण, प्रभाव और संदर्भ को समझने की कोशिश करें, हर घटना को एक कहानी की तरह देखें और खुद से जोड़कर याद करें, जिससे याद रखना आसान रहेगा। तिथियों और घटनाओं को एक क्रमबद्ध लाइन में लिखें, इससे घटनाओं का क्रम याद रखने के साथ परीक्षा में लिखते समय भूलने व गलत जगह पर लिखने की समस्या कम हो जाती है।