तहसील प्रीमियर लीग में पांचवें दिन खेले गए तीन मुकाबले, आखिरी गेंद तक रोमांचक रहा पहला मैच
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के सिसवा में ईंट-भट्ठे के पास स्थित मैदान में चल रही शोहरतगढ़-इटवा तहसील प्रीमियर लीग के पांचवें दिन बुधवार को तीन मुकाबले खेले गए। इसमें पचऊध, रुमनदेई और आफताब फ्लैक्स की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
पहला मुकाबला अलाउद्दीन इलेवन पचऊध और विपुल इलेवन के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विपुल इलेवन ने छह ओवर में चार विकेट खोकर 57 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पचऊध की टीम ने आखिरी गेंद पर छह विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
दूसरे मुकाबले में डब्बू इलेवन रुमनदेई और अरशद इलेवन कम्हरिया की टीमें आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रुमनदेई ने छह ओवर में छह विकेट खोकर 71 रन बनाए। जवाब में कम्हरिया की टीम पांच विकेट खोकर 54 रन ही बना सकी। रुमनदेई ने 17 रन से मुकाबला जीत लिया।
तीसरे मुकाबले में आफताब फ्लैक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवर में दो विकेट खोकर 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरुण एकादश की टीम छह ओवर में छह विकेट खोकर 58 रन ही बना सकी। आफताब फ्लैक्स ने 30 रन से जीत हासिल की।
इस दौरान आयोजक मनीष श्रीवास्तव, गौरव श्रीवास्तव, अबरार अहमद, विजय कुमार, तौफीक अहमद, सत्यम पांडेय, अवनीश श्रीवास्तव और स्कोरर रिजवान आदि मौजूद रहे।