फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: बजट के अभाव में धीमी पड़ी पेयजल परियोजनाओं की रफ्तार, ढाई साल में 40 फीसदी काम पूरा

Wed, 04 Nov 2026 12:01 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
शहर के बस​डिलिया मोहल्ले में निर्माणधीन पानी की टंकी। संवाद
विज्ञापन
- 70 करोड़ रुपये की लागत से बन रहीं आठ परियोजनाएं, मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
विज्ञापन

- कार्यदायी एजेंसी के आठ करोड़ रुपये के बिल का दो माह से नहीं हुआ भुगतान
- विस्तारित क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए करना होगा इंतजार
सिद्धार्थनगर। शहर में शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बन रही आठ पेयजल परियोजनाओं का निर्माण बजट के अभाव में धीमा पड़ गया है। ढाई साल पहले स्वीकृत इन परियोजनाओं का अब तक महज 40 प्रतिशत काम पूरा हो सका है।
कार्यदायी एजेंसी के करीब आठ करोड़ रुपये के बिल का दो माह से भुगतान नहीं होने के कारण निर्माण कार्य लगभग ठप है। मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है लेकिन मौजूदा रफ्तार से समय पर परियोजनाएं पूरी होना चुनौती बन गया है।
विज्ञापन

जलनिगम शहरी की ओर से नगर पालिका सिद्धार्थनगर के विस्तारित क्षेत्र और पुरानी आबादी में आठ पेयजल परियोजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत आठ नए वाटरहेड टैंक, 22 ट्यूबवेल और 191 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जानी है। पुरानी पेयजल परियोजनाओं में भी नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा पांच साल तक परियोजनाओं के रख-रखाव के लिए करीब 12 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित किए गए हैं।
स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी निर्माण कार्य की रफ्तार धीमी बनी हुई है। कहीं वाटरहेड टैंक का निर्माण अधूरा है तो कहीं ट्यूबवेल की स्थापना और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू नहीं हो सका है। पुराने नौगढ़ में वाटरहेड टैंक के लिए चिह्नित जमीन को लेकर विवाद होने के कारण अब तक निर्माण शुरू नहीं हो पाया है।

छह स्थानों पर निर्माण 50 फीसदी से अधिक
शहर में पहले से छह स्थानों पर पानी की टंकियां हैं। अब आठ अन्य स्थानों पर वाटरहेड टैंक बनाए जा रहे हैं। दतरंगवा में टैंक का निर्माण शुरुआती चरण में है, जबकि बसडिलिया में आईटीआई कॉलेज के पास निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। जजेज कॉलोनी के पीछे, भीमापार रोड स्थित पिपरी, परसा शाह आलम, थरौली और रोवापार में भी 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। पुरानी नौगढ़ में जमीन के विवाद के कारण निर्माण शुरू नहीं हो सका है। वहीं, ट्यूबवेल स्थापना और पाइपलाइन बिछाने का काम भी काफी पीछे है।

विस्तारित क्षेत्र के लोग निजी नलों पर निर्भर
नगर पालिका के सीमा विस्तार के पांच साल बाद भी नए शामिल क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं पहुंच सकी है। भीमापार, महनगा, मधुकरपुर, बसडिलिया, रोवापार, मुड़िला, परसा शाह आलम, सनई, बड़गो, पिपरा पांडेय, पकड़ी, थरौली, इंदिरानगर और सिंहेश्वरी मंदिर के आसपास की आबादी के लोग निजी नलों पर निर्भर हैं। कुछ लोग शुद्ध पानी के लिए वाटर प्लांट से जार और बोतल खरीदने को मजबूर हैं। परियोजनाएं पूरी होने के बाद इन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या दूर होने की उम्मीद है।
विज्ञापन


नगर पालिका सिद्धार्थनगर में शुद्ध पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पेयजल परियोजनाओं को समय से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। देरी होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
- ओमप्रकाश चौधरी, सहायक अभियंता, शहरी जलनिगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें