सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के नये भवन में इसी माह 150 बेड का वार्ड शुरू हो जाएगा। पहले चरण में हड्डी रोग वार्ड को शिफ्ट किया जाएगा। बाद में अन्य वार्डों को भी शुरू किया जाएगा। बेड और अन्य संसाधन लाए जा चुके हैं, उन्हें लगाने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। वार्ड के नये भवन में स्थानांतरित हो जाने से मरीजों की संख्या कम होगी। नया अस्पताल अन्य मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर बनाया गया है इसलिए उसमें प्रर्याप्त जगह और सुविधा दोनों है।
जिला अस्पताल के मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित होने के बाद सुविधाएं बढ़ने के साथ ही ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। जांच के लिए मशीन और अन्य संसाधन तो हो गए, लेकिन वार्ड की कमी से मरीजों को परेशानी हो रही है। जबकि एक साल पहले ही 300 बेड का अस्पताल बनकर तैयार हो गया था, लेकिन संसाधन के अभाव में पुराने भवन में सभी वार्ड चल रहे हैं। जहां मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद भर्ती करने में बहुत परेशानी होती है। अब वह परेशान दूर हो जाएगी।
हड्डी रोग के मरीजों के लिए वार्ड शुरू करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 150 बेड की तैयारी हो गई है। पहले चरण में हड्डी रोग वार्ड को रखा गया है। इसके स्थानांतरित होने से बेड खाली हो जाएंगे तो अन्य मरीजों को भर्ती करने में सहूलियत मिलेगी। नये भवन में वार्डों को गोरखपुर और लखनऊ मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर बनाया जा रहा है। इससे मरीजों के साथ-साथ तीमारदारों को भी सुविधा रहेगी।
प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि नये भवन में वार्ड जल्द शुरू किया जाएगा। इसका काम आखिरी चरण में है। इसके चालू हो जाने से मरीजों को भर्ती करने में सुविधा मिलेगी।