सिद्धार्थनगर। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में ऑनलाइन संचालित ओ लेवल एवं ट्रिपल सी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के लिए विभाग के बेवसाइट पर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गया है। इसके लिए एक दिसंबर 2025 तक समय निर्धारित किया गया है।
यह जानकारी जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के अधिकारी राजन ने दी है। उन्होंने बताया कि पिछड़े वर्ग के ऐसे शिक्षित बेरोजगार जो किसी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति न ले रहा हो, वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो, उम्र अधिकतम 35 वर्ष तक तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हो, उनको मान्यता प्राप्त संस्था देवेन्द्र नाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में ओ लेवल एवं ट्रिपल सी एवं उमा टेक्निकल डिग्री कॉलेज में ट्रिपल सी कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। ऑनलाइन आवेदन पत्र में शुद्ध प्रविष्टियों को दर्ज एवं शैक्षिक व अन्य अभिलेखों को अपलोड करते हुए एक प्रति डाउनलोड कर समस्त अभिलेखों सहित अंतिम तिथि तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी द्वितीय तल कलेक्ट्रेट भवन में जमा करना अनिवार्य है।