- ढेबरुआ थाने की पुलिस ने हृदयनगर मोड़ के पास से पकड़ा
सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ पुलिस की टीम ने रविवार की सुबह बढ़नी के हृदयनगर मोड़ के पास से रमेश चौहान को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी बढ़नी कस्बे का निवासी है। पूछताछ करने के बाद मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय रवाना कर दिया।
एसओ ढेबरुआ गौरव कुमार सिंह ने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी पर पुलिस टीम अलर्ट है। रविवार को मुखबिर से जानकारी मिली कि एक व्यक्ति पैदल जनपद बलरामपुर की तरफ से बढ़नी की तरफ आ रहा है, जिसके पास स्मैक (हेरोइन) है। सूचना पर पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने ग्राम हृदयनगर मोड़ पर पहुंच कर व्यक्ति को रोका। नाम पता पूछते हुए तलाशी ली गई। आरोपी की पहचान रमेश चौहान उर्फ विजय निवासी वार्ड नंबर तीन लोहियानगर नगर पंचायत बढ़नी थाना ढेबरुआ जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास काली पन्नी में 10.93 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद हुआ। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय पर केस दर्ज करके न्यायालय रवाना कर दिया। मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और कहां जा रहा था, इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। पकड़ने वाली टीम में चौकी बढ़नी अनिरुद्ध सिंह आदि मौजूद रहे।