शादी-ब्याह और जुलूसों की शान रहा हाथी, अब जिले में सिर्फ एक
- पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ पाला जा रहा धुसरी में हाथी
शोहरतगढ़। कभी शादी-ब्याह, मांगलिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों की शान रहे हाथी अब जिले में लगभग विलुप्त होने की स्थिति में हैं। दो हाथियों की मौत के बाद जिले में अब सिर्फ एक निजी पालतू हाथी बचा है। करीब 50 वर्ष उम्र के इस हाथी का पालन-पोषण चिल्हिया थाना क्षेत्र के धुसरी उर्फ शंकरगढ़ निवासी विजय सिंह कर रहे हैं। इसका पंजीकरण प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) की ओर से किया गया है।
विजय सिंह के यहां पहले दो हाथी थे लेकिन अब एक ही बचा है। यह हाथी आज भी मांगलिक कार्यक्रमों, जुलूसों और दशहरा के अवसर पर आयोजित मेलों में शामिल होता है। इसकी देखभाल के लिए नियमित महावत तैनात है। हाथी को रखने के लिए परिसर में अलग स्थान बनाया गया है, जहां कर्मचारी उसकी निगरानी करते हैं। महावत की देखरेख में उसे चारा-पानी दिया जाता है।
हाथी मालिक विजय सिंह ने बताया कि कई वर्षों से हाथी पालने के लिए वन विभाग से अनुमति ली गई है। विभागीय नियमों के अनुसार नियमित रूप से पशु चिकित्सक से हाथी की जांच और देखभाल कराई जाती है। महावत की सुरक्षा के लिए उसके नाम से बीमा भी कराया गया है।
महावत कोइल ने बताया कि हाथी को गन्ना, केला, तना सहित पीपल का पत्ता और तिन्नी चावल का पेड़ तने के साथ खिलाया जाता है। हाथी को रखने के लिए अस्तबल बनाए गए हैं। वहीं उसे रखा जाता है। वहां किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है।
दो हाथियों की हो चुकी है मौत
जिले में पहले दो निजी हाथियों की मौत हो चुकी है। धुसरी उर्फ शंकरगढ़ निवासी विजय सिंह के यहां मौजूद दो हाथियों में से एक करीब आठ वर्ष पहले पेड़ से चारा खाते समय विषाक्त पदार्थ खा लेने से बीमार हो गया था। पशु चिकित्सकों के उपचार के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। वहीं, मोहाना थाना क्षेत्र के खलीलपुर निवासी रवि प्रकाश चौधरी के हाथी की करीब पांच वर्ष पहले चिल्हिया थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
-
महत्वपूर्ण वन्य जीव हाथी के संरक्षण के लिए महावतों को पूर्ण प्रशिक्षण की जरूरत है। इससे उन्हें हाथियों के खानपान की निगरानी के साथ सुरक्षात्मक उपाय की जानकारी रहे। विभाग की ओर से पंजीकृत पालतु हाथी के स्वास्थ्य की निगरानी की जाती है।
- अरुण प्रजापति, पशुधन प्रसार अधिकारी
वन्य जीव संरक्षक की ओर से जिले में एक हाथी का पंजीकरण हुआ है, जिसका विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जाती है। साथ ही हाथी की सुरक्षा एवं उसके शोषण आदि के संबंध में हाथी मालिक को निर्देशित किया गया है।
- बीना तिवारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी