ककरहवा। नेपाल सीमा से सटे मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा कस्बे में शुक्रवार को अनियंत्रित बोलेरो की टक्कर से ककरहवा निवासी छोटेलाल वर्मा (70) गंभीर रूप से घायल हो गए। उसका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर मोहाना क्षेत्र के ककरहवा निवासी छोटेलाल वर्मा (70) पैदल किसी काम से निकले थे। अभी वह मुख्य सड़क पर पहुंचे ही थे कि दुल्हे की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पर ले जाया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज भेज दिया। ककरहवा चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव ने बताया कि हादसे के बाद वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।