सिद्धार्थनगर। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन निगम लगातार कोशिशों में जुटा है, लेकिन यात्री बेहतर सुविधाओं के अभाव में निजी बस का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली की यात्रा करने के लिए लोटन ब्लॉक क्षेत्र के यात्री मोहाना और लोटन से सटे महराजगंज जनपद के बैरियर चौराहे से संचालित निजी बसों का संचालन किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय से दिल्ली के लिए रोडवेज की महज तीन बसें होने और लोटन से कोई बस न चलने के कारण उन्हें इन निजी बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि अगर बसें लोटन से संचालित हों तो यात्रियों को और भी सहूलियत मिलेगी।
जिला मुख्यालय डिपो से दिल्ली के लिए प्रतिदिन तीन बसों का संचालन किया जाता है। इसमें से पहली बस लगभग 10:30 बजे दूसरी बस 11:30 बजे व तीसरी बस दोपहर करीब दो बजे संचालित की जाती है। जिससे मुख्यालय सहित जिले के अन्य क्षेत्र के यात्री यात्रा करते हैं। वहीं, डुमरियागंज व बांसी के यात्रियों को भी काफी सहूलियत मिलती है। लेकिन मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर मौजूद लोटन ब्लॉक के यात्रियों का इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
यात्रियों के अनुसार, लोटन से डिपो के लिए एक भी बस का संचालन नहीं होता है। ऐसे में मुख्यालय तक आने के लिए यात्रियों को 60 से 70 रुपया अतिरिक्त किराया देना पड़ता है।