सिसहनिया- मटियरिया गांव के सिवान में गेहूं की फसल को नष्ट करते नीलगाय। संवाद
सकारपार। ग्रामीण इलाकों में नीलगायों का आतंक किसानों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। इन दिनों गेहूं के पौधों पर नीलगायों के झुंड टूट पड़ रहे हैं। इससे फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। नीलगायों के झुंड फसलों को चरने के साथ रौंदकर बर्बाद कर दे रहें हैं। इससे किसानों की महीनों की मेहनत पल भर में नष्ट हो जा रही है।
क्षेत्र में किसानों की गेहूं की फसल सिंचाई योग्य हो गई है। इसमें अधिकतर किसान फसल की सिंचाई कर चुके हैं जबकि कुछ अभी बाकी हैं। इसी बीच नीलगायों के साथ छुट्टा पशुओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि वह गेहूं की फसल नष्ट कर रहे हैं। क्षेत्र के मटियरिया, सिसहनिया, बिशुनपुर मुस्तहकम, सेमरा मुस्तहकम, मुडार छिबिया, मुडार बुजुर्ग, हासवापर, गोनहा ताल, लमुही, सेमरा, कुशलपुर, बंधवा ताल आदि गांवों में नीलगायों के झुंड किसानों की खेत में गेहूं की फसल को दिन-रात बर्बाद कर रहे हैं।