सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कपिलवस्तु के वार्ड नंबर एक तिलकपुर में बुधवार की रात कार ने सुंदरी देवी (60) समेत आठ अन्य लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कार को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के पीछे नववर्ष के जश्न में डीजे पर सड़क के किनारे डांस के दौरान हादसा होने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी सुंदरी देवी (60) पत्नी रामवृक्ष बुधवार की रात करीब आठ बजे घर से मुख्य मार्ग की ओर जा रही थी। जैसे ही वह कच्ची सड़क पर पहुंची थी कि तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गांव की ही मधु चौरसिया, संतोष, आदित्य, शैलेंद्र, सुनीता, शैलेंद्र, राजा व सर्वेश घायल हो गए। महिला को गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुंदरी को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घर लौटने के कुछ समय बाद सुंदरी देवी की मौत हो गई। शव घर पर रखे जाने की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुख्य मार्ग पर सुंदरी देवी का घर है। वहीं, नए साल के जश्न के लिए पड़ोस में डीजे बजाया जा रहा था। वहां काफी लोग इकट्ठा थे। महिला कहीं से घर लौट रही थी। इस बीच अनियंत्रित कार वहां पहुंची और लोगों को टक्कर मारते निकल गई। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि मधु चौरसिया, संतोष, आदित्य, शैलेंद्र, सुनीता, शैलेंद्र, राजा व सर्वेश घायल हो गए। कार और चालक पुलिस के कब्जे में है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कपिलवस्तु कोतवाली प्रभारी संतोष तिवारी ने बताया कि कार और चालक को पकड़ लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों का इलाज कराया गया है। वह अब ठीक हैं। मामले की जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।