नवरात्रि पर्व पर नगर मार्केट में चहल पहल। संवाद
भनवापुर। शारदीय नवरात्र को लेकर डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के प्रमुख चौराहों के साथ ही बाजार गुलजार हो गए हैं। सोमवार से शुरू हो नवरात्र के लिए लोग पूजन सामग्री के साथ ही व्रत के दौरान फलाहार व अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी करते दिखे। वहीं जगह-जगह मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित करने के लिए शनिवार से ही श्रद्धालुओं उन्हें लेकर आते नजर आए।
भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के मन्नीजोत, भनवापुर, बुढ़ऊ, रमवापुर राउत, बिशुनपुर हरी, बिजौरा, शाहपुर, डुमरियागंज, चौखड़ा, भवानीगंज, बयारा, भंड़रिया आदि प्रमुख चौराहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। पूजन सामग्री, किराना, फलों के साथ ही कपड़ों के दुकानों पर लोग शनिवार से ही नवरात्रि में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियों के लिए जरूरी सामग्री की खरीदारी करते दिखे।
मन्नीजोत चौराहे पर किराना व्यवसायी राजेश ने बताया कि क्षेत्र में शनिवार से ही लोग तैयारी में जुटे हैं। नवरात्रि सोमवार से शुरू हो रहा है तो रविवार और सोमवार को काफी भीड़ होने की संभावना है।