डुमरियागंज। चुनाव आयोग के पोर्टल पर मंगलवार को नगर पंचायत डुमरियागंज का नाम नहीं दिखने से बीएलओ और मतदाता दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस समय स्थानीय स्तर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन पोर्टल पर नगर पंचायत का नाम न मिल पाने से ऑनलाइन फॉर्म भरने और डेटा अपडेट करने में बाधा उत्पन्न हो रही है। बीएलओ के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के शुद्धिकरण और नए वोटरों के पंजीकरण के लिए ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत एसआईआर फॉर्म भरना अनिवार्य है ताकि नए नाम जुड़ सकें। सुधार हो सके और मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड अपडेट किए जा सकें, लेकिन पोर्टल पर नगर पंचायत डुमरियागंज का विकल्प ही उपलब्ध न होने से बीएलओ एसआईआर डेटा अपलोड नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय मतदाता भी ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल या एप पर लॉगइन करने पर खुद को असमर्थ पा रहे हैं।
इतना ही नहीं जिन मतदाताओं को अपना नाम जोड़ना या सुधार करना है, वे आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। इससे न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है बल्कि नए वोटरों विशेषकर युवाओं में निराशा भी बढ़ रही है। सूत्रों का मानना है कि यह समस्या तकनीकी गड़बड़ी के कारण उत्पन्न हो सकती है, लेकिन इतनी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के समय में ऐसी त्रुटि बेहद संवेदनशील मानी जाती है।
नगर पंचायत क्षेत्र में तैनात बीएलओ लगातार उच्च अधिकारियों से संपर्क कर समाधान की मांग कर रहे हैं जबकि स्थानीय लोग भी जिला प्रशासन से पोर्टल को त्वरित रूप से अपडेट कराने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि मामले को चुनाव आयोग के संज्ञान में भेजा गया है और उम्मीद है कि जल्द ही पोर्टल पर नगर पंचायत डुमरियागंज का नाम बहाल किया जाएगा, जिससे एसआईआर फॉर्म भरने की प्रक्रिया सामान्य रूप से शुरू हो सके। एसआईआर कार्य मे बीएलओ लाएं तेजी: डुमरियागंज। एसआईआर कार्य को गति प्रदान करने को लेकर मंगलवार को डुमरियागंज तहसीलदार रविकुमार यादव ने तहसील क्षेत्र के ग्राम बेनीनगर, पैदा, पडरिया, कैथवलिया रेहरा, गडावर, सुरजी, औराताल आदि स्थानों पर स्थित बूथों पर जाकर प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया।