बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 2 हनुमान नगर-सिकौथा पूरब डीह मोहल्ला में शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे के करीब धान कुटवा रही पूनम (40) की साड़ी मशीन में फंस गई। इससे वह मशीन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिकौथा पूरब डीह निवासी राम आशीष वर्मा ने बताया कि उसकी पत्नी पूनम (40) पत्नी शुक्रवार की सुबह घर के बगल में ट्रैक्टर से चलित कूटने वाली मशीन से धान कुटवाने गई थी। इसी बीच धान की खूदी बटोर रही थी कि उनकी साड़ी मशीन में फंस गई। इससे वह मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में मशीन को बंद किया गया। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन पूनम को जब तक मशीन से छुड़ाते तबतक उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत होने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।
पूनम के तीन बेटे सूरज (12), सचिन (10) , रितेश (8) और एक बेटी अनूपा (6) वर्ष की हैं। सभी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। बेटा सूरज ने बताया कि मां की मौत से परिवार बिखर गया।