- 300 परिवारों और हजारों विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा, विश्वविद्यालय व कंपनी के बीच हुआ समझौता
- छह जिलों के संबद्ध महाविद्यालयों से आने वाले शिक्षक-कर्मचारी और अभिभावक भी उठा सकेंगे लाभ
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले करीब 300 परिवारों और यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब दूध, दही, पनीर समेत मदर डेयरी के अन्य खाद्य उत्पादों के लिए परिसर से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। विश्वविद्यालय में जल्द ही मदर डेयरी का कियोस्क शुरू होगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन और मदर डेयरी के बीच समझौता हुआ है। कियोस्क शुरू होने के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों के साथ अभिभावकों और अन्य आगंतुकों को भी उत्पाद उपलब्ध होंगे।
विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। इसके अलावा करीब 300 परिवार यहां निवास करते हैं। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से छह जिले संबद्ध हैं। इन जिलों के सैकड़ों महाविद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य लोग प्रशासनिक व शैक्षणिक कार्यों के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय परिसर में आते हैं। विद्यार्थियों के अभिभावकों का भी लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में परिसर में डेयरी उत्पादों की सुविधा शुरू होने से इन सभी को सहूलियत मिलेगी।
कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मदर डेयरी कियोस्क की स्थापना इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे परिसर में रहने वाले परिवारों और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। संबद्ध महाविद्यालयों से आने वाले शिक्षक-कर्मचारियों और विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सुविधा मिलेगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आगंतुकों की आवश्यकताओं के अनुसार परिसर में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मदर डेयरी के साथ हुआ समझौता गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं खाद्य उत्पादों की सहज उपलब्धता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मदर डेयरी की ओर से परिसर में गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सुविधाजनक सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई गई है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कियोस्क शुरू किया जाएगा।