सिद्धार्थनगर। पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए शनिवार सुबह में हुई हल्की बूंदाबांदी ने खुशी जरूर दी, लेकिन इससे मौसम में फिर बदलाव के चलते लोगों को गलन का सामना करना पड़ा। दिन में धूप व बादलों का लुका-छिपी के बीच तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
किसानों का कहना है कि अभी और हल्की सी बारिश की दरकार है, जिससे रबी की फसल को संजीवनी मिलेगी।
पिछले कई दिनों से खिल रही धूप के बाद शुक्रवार की शाम को मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया। देर रात में बादलों ने आसमान में डेरा डाला। रात में बादल आसमान में छाए रहे। भोर में हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे किसान को फसल बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई, लेकिन थोड़ी ही देर में बूंदाबांदी बंद होने से किसान आसमान के तरफ टकटकी लगाए रहे। किसानों का कहना है कि इस बारिश से गेहूं सहित अन्य सभी फसलों को काफी लाभ मिलेगा। लाेटन क्षेत्र के किसान पितांबर, सुनारे, अनवर ने बताया कि रवि के फसल की बुआई के बाद अभी तक बरसात नहीं हुआ है। वहीं, दिसंबर व जनवरी के प्रथम सप्ताह में सिंचाई की गई गेंहू को एक बार पानी की जरूरत है। ऐसे में इस मौसम में बरसात होने से किसान को काफी लाभ होगा।
शनिवार को ठंड बढ़ने से हर पूरे दिन शहर में लोगों का आवाजाही कम रही। धूप व बादल की आवाजाही के बीच हर कोई बारिश की उम्मीद लगाए नजर आया। मौसम में हुए इस बदलाव से शनिवार को अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मौसम अभी इसी तरह बना रहेगा। बारिश होने की संभावना है।ज