ढेबरुआ। बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हृदयनगर, मधवानगर, डढ़उल, बैरिहवा, परसोहिया सहित आसपास के गांवों में बंदरों के झुंड घरों में घुसकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
छतों पर रखी सामग्री, रसोई में रखा अनाज, कपड़े व अन्य घरेलू सामान बंदर नष्ट कर रहे हैं, जिससे लोगों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। ग्रामीण राकेश, अजीत, उमेश आदि का कहना है कि बंदरों के भय से बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन घरों में घुसकर उत्पात मचाने और लोगों पर हमला करने की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। क्षेत्रवासियों ने बंदरों के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है।