- नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पत्थरकोट-गोरुसिंगे सड़क पर बुधवार रात हुआ हादसा
- वाहन में फंसे सहचालक को गंभीर हालत में बुटवल रेफर किया गया था
खुनुवां (सिद्धार्थनगर)। नेपाल के सीमावर्ती कपिलवस्तु जिले में बुधवार देर रात अनियंत्रित दूध टैंकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन में फंसे सहचालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना बुद्धभूमि नगरपालिका क्षेत्र में पत्थरकोट-गोरुसिंगे सड़क पर हुई।
गोरुसिंगे पुलिस निरीक्षक बाबूराम बस्नेत के अनुसार बुधवार रात करीब 10:50 बजे पत्थरकोट से गोरुसिंगे की ओर जा रहा दूध टैंकर बुद्धभूमि नगरपालिका-2 के गोरुसिंगे में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। टैंकर को बुद्धभूमि नगरपालिका-9 बरकलपुर निवासी 38 वर्षीय महेश प्रसाद चौधरी चला रहे थे।
हादसे में करीब 25-26 वर्षीय सहचालक आशीष अधिकारी वाहन में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला और गोरुसिंगे स्थित बुद्ध पॉलीक्लिनिक प्राइवेट लिमिटेड में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें एंबुलेंस से बुटवल रेफर कर दिया।
रात करीब 12:55 बजे बुटवल के चौराहा अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आशीष अधिकारी को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दूध टैंकर और चालक महेश प्रसाद चौधरी को नियंत्रण में ले लिया। इलाका प्रहरी कार्यालय गोरुसिंगे की ओर से दुर्घटना की जांच की जा रही है।