सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में सोमवार से एमबीबीएस प्रथम वर्ष की प्रथम इंटरनल परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 100 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। लिखित और प्रयोगात्मक परीक्षाएं सात फरवरी तक चलेंगी। मेडिकल कॉलेज में आयोजित यह प्रथम इंटरनल परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगी। परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. हस्मतुल्लाह ने बताया कि एमबीबीएस छात्र-छात्राओं की इंटरनल परीक्षा वर्ष में तीन बार आयोजित की जाती है। इंटरनल परीक्षा में 50 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में शामिल होने से वंचित कर दिया जाएगा।