- गोल्हौरा थाना क्षेत्र के मऊ गांव के टोला धुसिया का है मामला
गोल्हौरा। स्थानीय थाना क्षेत्र के मऊ गांव के टोला धुसिया में मंजू (32) का शव कमरे में छत की कुंडे में गमछे के सहारे लटका मिला। मायके वालों ने उसके ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मऊ गांव के टोला धुसिया निवासी हरिश्चंद्र निषाद की शादी थाना क्षेत्र के ही गोठवा घाट टोला हड़हा निवासी मंजू (32) से हुई थी। मंगलवार की सुबह उसका शव कमरे में छत की कुंडे में गमछे के सहारे फंदे से लटका मिला। पति हरिश्चंद्र की लिखित सूचना पर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां विंद्रावती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि बेटी मंजू के पति, सास और जेठानी उसे मार पीटकर घर से निकाल चुके थे। बहुत मिन्नत के बाद ले गए थे। बीती रात उन्होंने ही उसकी हत्या कर शव को लटकाया है। मृतका के तीन बच्चे हैं।
इस संबंध थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही लग रहा है। रिपोर्ट आने और जांच से मिले तथ्यों और सबूतों के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।