- मोहाना थाना क्षेत्र के बेलहरी चौराहे पर 26 जून को हुआ था विवाद
बर्डपुर। मोहाना थाना क्षेत्र के छोटकी बेलहरी चौराहे पर एक माह पूर्व हुई मारपीट में घायल जमाल की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिवार के लोग लाश को घर लेकर आ रहे हैं। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार 26 जून को कुछ लोगों ने जमाल सहित आधा दर्जन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया था। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर छोटकी बेलहरी गांव के मतिबुल्लाह सहित कई लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इस मारपीट की घटना में परसा बेलहरी निवासी सोनू, अकबर अली, जमाल, इरफान अहमद, कमल अहमद, जुबैर और रुखसाना पत्नी जुबैर 35 वर्ष को मारपीट कर घायल कर दिया।
ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बर्डपुर पहुंचा, जहां उनका प्राथमिक उपचार हुआ। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जमाल और सोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डाॅक्टरों ने जमाल की हालत गंभीर देखते हुए वहां से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। परिजन उसे लखनऊ लेकर चले गए थे। तबसे उसका इलाज चल रहा था। एक माह इलाज के दौरान लखनऊ में जमाल की मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के मुताबिक लाश वहां से लाई जा रही है।