सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर महोत्सव का आयोजन 28 जनवरी से एक फरवरी 2026 के बीच होगा। इसमें अन्य विविध कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति भी होनी है। इसमें गायन, वादन, नाट्य का मंचन एवं कवि सम्मेलन आदि कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। इसके लिए 12 जनवरी 2026 तक आवेदन किया जा सकता है। यह जानकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार अग्रवाल ने दी है। बताया कि महोत्सव में एक समयबद्ध कार्यक्रम में सीमित स्थानीय कलाकारों के द्वारा प्रस्तुति किया जाएगा।
इसके लिए जनपद सिद्धार्थनगर के ऐसे समस्त स्थानीय कलाकारों अपना आवेदन दे सकते हैं, जिसमें नाम, पिता का नाम, स्थाई पता, मोबाइल नंबर यथासंभव व्हाट्सएप नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो और संबंधित विधा में अनुभव एवं उपलब्धियों की संक्षिप्त टिप्पणी हो।
प्रस्तुति का विषय-वस्तु निरपेक्ष रूप से गैर राजनैतिक और सांस्कृतिक होना जरूरी है। यह मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द से प्रेरित होना चाहिए। प्रतिभागी अपना आवेदन ए-4 साइज पेपर पर कार्यालय जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, विकास भवन, सिद्धार्थनगर के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या-9 अथवा कार्यालय के ई-मेल आईडी dmwosn-upnic.in पर 12 जनवरी 2026 को शाम पांच बजे बजे तक उपलब्ध करा दें।