लोटन। लोटन कोतवाली क्षेत्र के पटखौली गांव में बृहस्पतिवार को भैंस को ताल में नहलाने गए पशुपालक की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पटखौली गांव निवासी भारत (45) पशुपालन कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे वह भैंस चराने के लिए गया था। चराने के बाद वह भैंस को नहलाने के लिए ताल में ले गया। बताया जा रहा है कि नहलाते समय भैंस गहरे पानी में चली गई। उसे निकालने के प्रयास में भारत भी गहरे पानी में चला गया और पैर फिसलने से डूब गया।
ग्रामीणों के अनुसार भारत को तैरना नहीं आता था। भैंस के घर लौटने के बाद परिजन उसे खोजते हुए ताल के पास पहुंचे। ग्रामीणों और तैराकों ने काफी तलाश के बाद पानी से उसका शव बाहर निकाला।
भारत अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। बेटों की शादी हो चुकी है जबकि वह बेटी की शादी की तैयारी में जुटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।