विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालते बच्चे। स्रोत विज्ञथ्प्त
ढेबरुआ/तुलसियापुर। प्राथमिक विद्यालय ढेबरुआ में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ हुआ। विद्यालय परिसर जनजागरूकता के नारों से गूंज उठा। अभियान का उद्देश्य डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करना और स्वच्छता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत बढ़नी रामविलास, पीएचसी बढ़नी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अविनाश चौधरी और यूनिसेफ के ब्लॉक मोबिलाइजेशन कोऑर्डिनेटर नीलमणि श्रीवास्तव मौजूद रहे। उन्होंने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर साफ-सफाई अपनाएं, बीमारियों को दूर भगाएं..., जैसे नारे लगाए। रैली ने पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और मच्छरजनित रोगों से बचाव का संदेश फैलाया। इस दौरान निसार अहमद, उमेश कुमार, रिजवान अहमद, महेंद्र मिश्र, अनुपम तिवारी, अंशु चौधरी रहे। ककरहवा प्रतिनिधि के अनुसार, नगर पंचायत कपिलवस्तु की अध्यक्ष आरती देवी ने रविवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के तहत जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक के बारे में जागरूक किया जा रहा है। रैली के माध्यम से लोगों को बताया गया कि दिमागी बुखार और संचारी रोगों से बचाव के लिए घर के दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगाएं। नियमित मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छर रोधी उपाय अपनाएं, अनुपयोगी वस्तुओं में पानी इकट्ठा न होने दें, पानी की टंकी ढककर रखें, पूरी बांह वाले कपड़े पहने। इस अवसर जावेद आलम, राजकुमार, वीरू कन्नौजिया, रामविलास, दिलीप, अब्दुल अली, अजीजुर्रहमान, सूरज प्रताप सिंह आदि लोग उपस्थित रहे। संवाद