- पथरा-तिगोड़वा मार्ग पर जलभराव से राहगीर परेशान, बार-बार फट रही पाइपलाइन
- ग्रामीणों ने लीकेज ठीक कराने और पंप संचालन की निगरानी की मांग की
पथरा। मिठवल ब्लॉक के विशुनपुरवा गांव में जल जीवन मिशन की पाइपलाइन में लीकेज से पिछले एक सप्ताह से पानी सड़क पर बह रहा है। पथरा-तिगोड़वा मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, लेकिन शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीण रामहरख, दुर्गेश, द्वारिका, बहरैची और इच्छाराम ने बताया कि गांव में जलापूर्ति शुरू होने के बाद से संबंधित स्थान पर तीन बार पाइपलाइन फट चुकी है। हर बार लीकेज के कारण सड़क पर पानी भर जाता है। उनका आरोप है कि पंप संचालन की जिम्मेदारी स्थानीय व्यक्ति को दी गई है, लेकिन पाइपलाइन की नियमित निगरानी नहीं होने से समस्या बार-बार सामने आ रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पाइपलाइन का लीकेज तत्काल ठीक कराने और पंप संचालन के लिए अनुभवी व्यक्ति तैनात करने की मांग की है, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके और लोगों को परेशानी से राहत मिले।