शोहरतगढ़ में गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ करते मुख्य अतिथि पू
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित गौतम बुद्ध ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-4 का दूसरा सेमीफाइनल सोमवार को रोमांच से भरपूर रहा। दिल्ली और लखनऊ के बीच खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में लखनऊ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को पांच विकेट से शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब मंगलवार को खिताबी मुकाबले में लखनऊ का सामना गोरखपुर से होगा। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए लखनऊ के आशुतोष चौधरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में लखनऊ के कप्तान यशवर्धन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 199 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली की ओर से प्रतीक रमन ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए नाबाद 87 रन की बेहतरीन पारी खेली। विकास राय ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली। भास्कर भारद्वाज ने 28 और सक्षम राय ने 17 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
लखनऊ की गेंदबाजी में तुषार सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके जबकि आशुतोष, अमित और आदित्य को एक-एक विकेट मिला।
200 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम ने दबाव के बावजूद संयम और आक्रामक के साथ बेहतरीन संतुलन खेल दिखाया।
शुरुआती विकेट गिरने के बाद भी बल्लेबाजों ने रन गति बनाए रखी। समय ने 39 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। इसके बाद संदीप गुप्ता और आशुतोष चौधरी ने 32-32 रन बनाकर लक्ष्य को करीब पहुंचाया। अंत में राजकुमार ने नाबाद 40 रन की अहम पारी खेलते हुए टीम को पांच विकेट शेष रहते जीत दिला दी। दिल्ली की ओर से गेंदबाजी में भास्कर ने 2 विकेट हासिल किए जबकि आनंद, सक्षम और सचिन को एक-एक विकेट मिला।
मैच के मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्याम जायसवाल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और आयोजन की सराहना की।