- पहले चरण में 2026 के अंत तक खलीलाबाद से बांसी तक काम पूरा करने का लक्ष्य, मिट्टी भराई, अंडरपास और स्टेशन निर्माण अधूरा
- बांसी से आगे डुमरियागंज क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं, 4940 करोड़ की परियोजना में हो रही देरी
सिद्धार्थनगर/बांसी। खलीलाबाद-बहराइच रेल परियोजना के पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी तक दिसंबर 2026 तक काम पूरा करने का लक्ष्य है। अब भी कई जगह मिट्टी भराई, अंडरपास और स्टेशन भवनों का निर्माण अधूरा है। वहीं, बांसी से आगे डुमरियागंज क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी न होने से परियोजना समय पर पूरा होने को लेकर संशय बना हुआ है।
करीब 240 किलोमीटर लंबी इस रेल परियोजना को दो मार्च 2019 को 4940 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी मिली थी। खलीलाबाद से बहराइच तक प्रस्तावित रेलमार्ग पर कुल 32 स्टेशन और हाल्ट बनाए जाने हैं। परियोजना पूरी होने से संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच के लोगों को रेल सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र में आवागमन के साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बांसी और खेसरहा में स्टेशन निर्माण अधूरा
पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी के बीच निर्माण कार्य कराया जा रहा है। खेसरहा और बांसी में स्टेशन भवनों का निर्माण जारी है लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। बांसी रेलवे स्टेशन के सुपरवाइजर और कोल्हुआ चकवा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि निर्माण की मौजूदा गति को देखते हुए वर्ष 2026 में ट्रेन चलना संभव नहीं लग रहा है। कई स्थानों पर मिट्टी भराई और अंडरपास का काम भी बाकी है।
गौरी निवासी मिस्त्री अमरेश ने बताया कि स्टेशन निर्माण का काम चल रहा है लेकिन इसमें अपेक्षित तेजी नहीं है। अभी भूमिगत हिस्सा तैयार हुआ है और ऊपर कार्यालय का निर्माण किया जा रहा है। छत पड़ने के बाद ही भवन का स्वरूप स्पष्ट हो सकेगा।
वहीं, गौरा निवासी मिस्त्री रामशंकर का कहना है कि निर्माण की मौजूदा गति से काम पूरा होने में अभी काफी समय लग सकता है। क्षेत्र के लोगों को रेल सुविधा का लंबे समय से इंतजार है, लेकिन निर्माण कार्य में लगातार देरी हो रही है।
गौरी निवासी स्थानीय युवा शेखर और प्रदीप ने बताया कि यह रेल परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है लेकिन अभी ट्रैक के लिए मिट्टी भराई, अंडरपास और पुलिया जैसे बुनियादी काम अधूरे हैं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भी ट्रेन चलना मुश्किल लग रहा है। स्थानीय लोगों ने सांसद जगदंबिका पाल से निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है।
डुमरियागंज में भूमि अधिग्रहण का इंतजार
परियोजना के दूसरे चरण में बांसी से आगे डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। जमीन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही इस हिस्से में निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा। ऐसे में परियोजना के शेष हिस्से को पूरा करने में भी देरी की आशंका है।
बोले जिम्मेदार
रेलवे लाइन और स्टेशन निर्माण का काम चल रहा है। बीच में हुई भारी बारिश के कारण जलभराव वाले क्षेत्रों में काम प्रभावित हुआ है। निरीक्षण कर संबंधित ठेकेदारों को समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर जलभराव है, वहां पानी हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
- बृजेश मिश्र, अधिशासी अभियंता, रेलवे निर्माण