सिद्धार्थनगर। विश्व दिव्यांग दिवस पर बुधवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपद स्तरीय दिव्यांग बच्चों की खेलकूद प्रतियोगिता हुई। 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में कान्हा व बालिका वर्ग में अंजू ने बाजी मारी।
100 मीटर दौड़ बालक में विकास द्वितीय, सौरभ तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शिवांगी द्वितीय, आकांक्षा तीसरे स्थान पर रहीं। जलेबी दौड़ बालक में रोहित प्रथम, विजय द्वितीय, सूफियान तृतीय जबकि बालिका वर्ग में विंद्रवती प्रथम, पूजा द्वितीय, मीनाक्षी तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी ने कहा कि दिव्यांग होना कमजोरी नहीं बल्कि विशिष्ट क्षमता का परिचय है। आज इन बच्चों ने अपने खेल प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि हौसलों के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। समाज को इन्हें समझने और आगे बढ़ाने की जरूरत है। जिला विद्यालय निरीक्षक और प्रभारी बीएसए अरुण कुमार ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण, साधन-सुविधा और खेल के लिए लगातार प्रयासरत है। क्रीड़ा अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री ने कहा कि खेल आत्मविश्वास और जीवन कौशल विकसित करता है।