बानगंगा मुख्य नहर से निकली नहर में टेल तक पानी नही है। संवाद
- फोटो : bhadrawah news
शोहरतगढ़। नहर में टेल तक पानी नहीं पहुंचने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है, जिससे किसान काफी चिंतित हैं। बानगंगा मुख्य नहर से निकली पांच किमी लंबी अवंतिका नहर में पिछले एक पखवारे से पानी नहीं आ रहा था, शिकायत के बाद नहर में पानी छोड़ा गया तो वह भी टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे किसान रबी की फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। नहर से जुड़ी लगभग 20 एकड़ फसल प्रभावित हो रही है। अगर जल्द फसलों की सिंचाई नहीं की गई तो पैदावार पर असर पड़ सकता है।
किसान ज्ञानदास चौरसिया, गुड्डू पांडेय, पातू चौधरी, हरिराम, राजकुमार, पिंटू आदि ने कहा कि जब नहर में पानी छोड़ने का समय आया तो विभाग सिल्ट की सफाई कराने में विभाग व्यस्त था। सिल्ट की सफाई पूरी तरह से न होने के कारण पानी आगे नहीं जा पा रहा है। किसानों ने कहा कि नरायनपुर के पास नहर का सायफन काफी वर्षों से क्षतिग्रस्त हालत में हैं। मरम्मत के लिए कई बार विभाग के उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई, बावजूद क्षतिग्रस्त ठीक नहीं कराया जा रहा है। सायफन क्षतिग्रस्त होने से सारा पानी डोई नदी में चला जाता है, जिससे किसान सिंचाई नहीं कर पाते हैं। किसानों ने कहा कि इस समय फसलों की सिंचाई करना बहुत जरूरी है। नहर में पानी आठ इंच तक है। ऐसे में किसान सिंचाई कैसे करें जब प्रर्याप्त मात्रा में पानी ही नहीं है। किसानों ने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए।