शोहरतगढ़। नगर पंचायत शोहरतगढ़ के दशरथ नगर वार्ड के गड़ाकुल में राशन वितरण में अनियमितता की पुष्टि हुई। इस पर कोटेदार रोजी का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
खाद्य आपूर्ति अधिकारी सतीश चंद्र की तहरीर पर शोहरतगढ़ थाने में कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मात्रा से अधिक स्टॉक रखने सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, सितंबर में गड़ाकुल के 62 उपभोक्ताओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम से राशन नहीं मिलने की शिकायत की थी। शिकायत के साथ उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर भी संलग्न किए गए थे। एसडीएम ने आपूर्ति विभाग को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद बुधवार और बृहस्पतिवार को पूर्ति निरीक्षक सतीश चंद्र के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए। ई-पॉस मशीन में दर्ज अंगूठे के निशान और हस्ताक्षरों का मिलान किया गया।
गोदाम में उपलब्ध स्टॉक और अभिलेखों की जांच में गेहूं, चावल और चीनी की मात्रा कम मिली। जांच रिपोर्ट एसडीएम रविश कुमार गुप्ता को सौंपने के साथ उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया।
जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर कोटेदार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। उपभोक्ताओं को राशन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दुकान को नगर पंचायत के अटल नगर निवासी कोटेदार कमलेश कुमार गुप्ता की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है।