- मूर्ति विसर्जन के निर्धारित मार्गों का करना होगा पालन, भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
सिद्धार्थनगर। धनतेरस, दिवाली, छठ पूजा और भैया दूज को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में पीस कमेटी की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने मूर्ति पूजा आयोजकों, मूर्तिकारों, डीजे संचालकों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर त्योहारों में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
एसपी ने कहा कि सभी त्योहार पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार मनाए जाएं। आयोजक निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम संपन्न कराएं। लक्ष्मी प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों और स्थलों का ही उपयोग करें। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और नियमित पैदल गश्त करने के निर्देश दिए। बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और विसर्जन स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को भी कहा।
एसपी ने सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने और आपत्तिजनक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या अपुष्ट सूचना पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के उसे सोशल मीडिया पर साझा न करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।