शिवनगर थाना क्षेत्र के टिकरीपकरिया गांव में रोते बिलखते मृतक बच्चे के परिजन। संवाद
घोसियारी। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के टिकरी पकरिया गांव के पास खेल रहे तीन साल के बच्चे को बाइक ने चपेट में ले लिया। इस हादसे में उसकी जान चली गई। मौत के बाद परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत नहीं मिली है।
क्षेत्र के टिकरी पकरिया गांव निवासी तीन वर्षीय बालक दिव्यांश पुत्र वीरेंद्र खेल रहा था। इसी बीच टिकरी पकरिया निवासी एक युवक किसी काम से बाइक से गांव से घोसियारी जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेल रहे नौनिहाल से टकरा गई। बाइक की टक्कर बालक के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी।
घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीण व परिजन घायल बालक को इलाज के लिए बस्ती ले गए। जहां से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। अभी लोग रास्ते में ही थे कि उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही घर पर कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई घटना से गांव में शोक है।
दिव्यांश विरेंद्र की इकलौती संतान थी। अब घर का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। इस संबंध प्रभारी निरीक्षक मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि यदि तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।