खुनुवां (सिद्धार्थनगर)। भारत और नेपाल के बीच रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली पहुंच गए। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका पहला विदेश दौरा है।
इस यात्रा से दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और बुनियादी ढांचे के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ सिद्धार्थनगर समेत भारत-नेपाल सीमा से सटे जिलों को भी मिल सकता है।
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रहे इस दौरे में सोमवार को व्यापार, ऊर्जा, निवेश, पारगमन और संपर्क व्यवस्था बेहतर बनाने पर चर्चा होगी। भारत और नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने से सिद्धार्थनगर के बढ़नी, खुनुवां और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में कारोबार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। बेहतर पारगमन व्यवस्था से दोनों देशों के व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
ऊर्जा सहयोग भी इस दौरे का अहम मुद्दा रहेगा। नेपाल में जलविद्युत उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए भारत के साथ सहयोग बढ़ने से नेपाल को बिजली के लिए बड़ा बाजार मिल सकता है जबकि भारत को स्वच्छ ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
दोनों देशों के बीच सड़क, रेल और अन्य संपर्क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। निवेश बढ़ने से नेपाल में विकास परियोजनाओं को प्रोत्साहन मिलने के साथ भारतीय कारोबारियों के लिए भी नए अवसर खुल सकते हैं।
इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। संपर्क और ऊर्जा क्षेत्र की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन तथा नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री शाह के साथ नेपाल का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत आया है। इसमें वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल समेत वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं। निजी क्षेत्र के 52 व्यवसायियों का प्रतिनिधिमंडल भी दौरे में शामिल हुआ है।