ढेबरुआ। कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित मां लक्ष्मी और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का विसर्जन बृहस्पतिवार को भक्तिमय माहौल में किया गया। शाम होते ही डीजे की धुन पर भक्तों ने झांकियों को सजाना शुरू किया, जिसमें मां लक्ष्मी की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। बृहस्पतिवार देर रात चरगंहवा नदी तट पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती उतारी और मां को नम आंखों से विदाई दी। गोलाबाजार, माल गोदाम, स्टेशन रोड, राम जानकी मंदिर रोड, बस स्टॉप, मिल कॉलोनी, डिहवा, कल्लन डिहवा समेत कई इलाकों में श्रद्धालु नाचते-गाते मां लक्ष्मी की झांकियों के साथ चल रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झांकियों की आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया। देर रात तक हजारों की संख्या में भक्त माता रानी के दर्शन के लिए उमड़ते रहे। अंत में सभी मूर्तियों का शांतिपूर्ण माहौल में चरगंहवा नदी में विसर्जन किया गया।