शहर के ओवर ब्रिज के नीचे स्थापित की गई मां लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमा। संवाद
डुमरियागंज नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सजे पूजा पंडाल, शुरू हुआ पूजन-अर्चन
आकर्षक सजावट के बीच मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के दर्शन को पहुंच रहे भक्त
डुमरियागंज। प्रकाश पर्व दिवाली के अवसर पर डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की रात से मां लक्ष्मी पूजन उत्सव धूमधाम से शुरू हो गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक स्थापित पूजा पंडालों में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियों के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
मूर्तियों का पट खुलने के साथ ही विधि-विधान से पूजन-अर्चन शुरू हो गया। पूजा पंडालों में बज रहे भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। डुमरियागंज नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के हल्लौर, बैदौलागढ़, बयारा, शाहपुर, बेंवा, भानपुररानी, भंटगवा सहित कुल 67 स्थानों पर मां लक्ष्मी की मूर्तियां स्थापित की गई हैं। धनतेरस की रात से ही पूजा समितियों की ओर से पूजन की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मूर्तियों के पट खुलने के बाद से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पूजा समितियों के पदाधिकारियों की ओर से पंडालों में रोशनी और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई है। परिवार के साथ पहुंच रहे श्रद्धालु मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।