शोहरतगढ़ में मां दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए लेते जाते श्रद्धालु। संवाद
शोहरतगढ़। नगर पंचायत क्षेत्र की 75 दुर्गा मूर्तियों का विसर्जन बृहस्पतिवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच डोई नदी में किया गया। श्रद्धालु भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते और अबीर-गुलाल उड़ाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल बना रहा। वहीं, अखाड़े में युवाओं ने तलवार, लाठी और बल्लम से शौर्य के करतब दिखाए।
नगर पंचायत क्षेत्र की सभी दुर्गा मूर्तियां श्रीराम जानकी मंदिर के पास एकत्र हुईं। यहां से क्रमवार शोभायात्रा निकाली गई। मूर्तियां गड़ाकुल तिराहा, गोलघर, भारत माता चौक और प्रेम गली होते हुए नीबी दोहनी के रास्ते डोई नदी पहुंचीं। वहां पुजारी बाबा बालकदास, राजेंद्र पांडेय और कपिलदेव ने मंत्रोच्चार के बीच मूर्तियों का विसर्जन कराया। अखाड़े में युवाओं ने दिखाए करतब : शोभायात्रा में सबसे आगे चल रहे अखाड़े में युवाओं ने तलवार, लाठी और बल्लम से विभिन्न करतब दिखाए। दोनों हाथों में तलवार लेकर युवाओं के प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। नगर प्रशासन की ओर से शोभायात्रा के दौरान रोशनी के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई थी। वहीं, दुर्गा मूर्तियों को सुरक्षित तरीके से नदी में विसर्जित कराने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने क्रेन की व्यवस्था कराई। संचालन किशोरी लाल गुप्ता ने किया जबकि अखाड़े का नेतृत्व मोहित तिवारी ने किया।
इस दौरान एसडीएम रवीश गुप्ता, सीओ मयंक द्विवेदी, थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय, अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, रामसेवक गुप्ता आदि नगरवासी मौजूद रहे।