खुनुवां। नेपाल के कपिलवस्तु जिले में भारतीय और नेपाली दोनों देशों की नागरिकता रखने का मामला सामने आया है। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को मायादेवी वार्ड नंबर एक निवासी दुर्गेश कुमार सोनार और मायादेवी 7, कपिलवस्तु निवासी नीरज कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जांच प्रक्रिया तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, नीरज कुमार मिश्रा को 18 दिसंबर 2024 को हुंडी से जुड़े लेन-देन के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान उनके पास से 15 लाख 70 हजार रुपये नकद, नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र, वोटर पहचान पत्र और भारतीय आधार कार्ड बरामद किए गए थे। कोर्ट ने हुंडी मामले में उसे 60 हजार रुपये की जमानत पर रिहा कर दिया था, लेकिन दो देशों का पहचान पत्र रखने के आरोप में उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया।
वहीं दुर्गेश कुमार सोनार भारत के सिद्धार्थनगर जिले के बर्डपुर क्षेत्र, थाना व तहसील नौगढ़ का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक दुर्गेश ने वर्ष 2000 में मायादेवी वार्ड नंबर 1 निवासी बाबूराम सोनार को अपना पिता दर्शाते हुए वंशज के रूप में नेपाली नागरिकता प्राप्त की थी। पिछले सात वर्षों में मीटर ब्याज के जरिये 17 स्थानीय लोगों के मकानों को अपने नाम ट्रांसफर करा चुका है।